
गोरखपुर : राष्ट्र की स्वतंत्रता के 80वें वर्ष के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान - 2026 के शुभारंभ महोत्सव में आज पीएम श्री राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज द्वारा राष्ट्र भावना से ओत प्रोत करने वाले भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भारतीय राष्ट्रीय ध्वज में अशोक चक्र जो कि भारत की सतत संस्कृति, परम्परा गति एवं प्रगति का द्योतक है से प्रेरणा लेते हुए विद्यालय के छात्रों द्वारा सुंदर और गतिमान मानव “तिरंगा चक्र” तैयार किया गया जो देशभक्ति गीतों की धुन पर निरंतर चलता रहा। इस उपलक्ष्य पर संपूर्ण परिसर तिरंगे एवं राष्ट्र के नाम जयघोष से गूंज उठा। छात्रों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. विश्व प्रकाश सिंह (पी.ई.एस) ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रत्येक नागरिक में एकता, अखंडता, देशभक्ति एवं लोकतांत्रिक विचार एवं व्यवहार को स्फूर्त करता है। यह अभियान भारत की सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना, इसके गौरवशाली इतिहास एवं अमिट विरासत को जन जन में प्रभावशाली ढंग से पहुंचाने हेतु निर्मित है।” हर घर तिरंगा अभियान के इस पांचवे संस्करण में दिनांक 9 से 17 अगस्त तक प्रत्येक दिन राष्ट्र की स्वतंत्रता में अपना तन मन धन व जीवन न्यौछावर करने वाले क्रांतिकारी वीरों के योगदानों को विविध कार्यक्रमों के माध्यम से स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि दी जानी है।

0 Comments