
गोरखपुर : बच्चों में छिपी रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने, कला के प्रति रुचि विकसित करने तथा उनमें आत्मविश्वास और सृजनात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. इक़बाल एजुकेशनल एण्ड रिसर्च फाउंडेशन एवं यूथ स्ट्रेंथ सोसाइटी, गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आर्ट प्रतियोगिता 2026 का पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को आइडियल मैरिज हॉल, ऊंचवा, अबू बाजार, गोरखपुर में आयोजित किया गया। समारोह में प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अल्हम्द उमरा टूर एण्ड ट्रेवल्स एवं अलहम्द डेट्स के स्वामी जकी अहमद और अयाज अहमद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान किया। अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजनों को आवश्यक बताया और कहा कि कला बच्चों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आयोजकों को इस रचनात्मक पहल के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों में सहयोग का आश्वासन दिया।
समारोह में एडवोकेट वसीउद्दीन खान, सिविल कोर्ट गोरखपुर, डॉ. एहसान अहमद, कलीमुल हक, पूर्वांचल दस्तक, मुख्तार अहमद, प्रिंसिपल एम.एस.आई. इंटर कॉलेज तथा कार्यक्रम की एंकर शाहीन शेख विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अतिथि के रूप में मोहम्मद आकिब अंसारी, एम.ए. एकेडमी, महमूद आसिफ, अल इसलाह एकेडमी, मुजीब अहमद, चौधरी पब्लिक स्कूल, बिल्कीस अजहरी बानो, मौलाना आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा एडवोकेट खुर्शीद अहमद, एम.ए. एजुकेशनल एकेडमी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अबुजर मोहसिन के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित रखने के बजाय उनकी कला एवं अन्य रचनात्मक प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें मंच प्रदान करना भी समाज की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन एडवोकेट मोहम्मद राफे ने किया। उन्होंने अपनी प्रभावी प्रस्तुति से पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखा तथा प्रतियोगिता के उद्देश्य और प्रतिभागियों की उपलब्धियों को रेखांकित किया।
समारोह में प्रतियोगिता में विभिन्न पोजीशन हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रतिभागियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए दो स्पेशल आर्ट अवार्ड तथा दो सांत्वना अवार्ड भी प्रदान किए गए। आयोजकों ने कहा कि इन विशेष पुरस्कारों का उद्देश्य उन प्रतिभागियों का भी उत्साह बढ़ाना है जिन्होंने प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया, लेकिन मुख्य पोजीशन हासिल नहीं कर सके।
अतिथियों ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में मौजूद अभिभावकों और शिक्षकों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनकी कल्पनाशक्ति और कलात्मक क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
आयोजक डॉ. इक़बाल एजुकेशनल एण्ड रिसर्च फाउंडेशन एवं यूथ स्ट्रेंथ सोसाइटी की ओर से कहा गया कि बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के लिए भविष्य में भी शैक्षिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन जारी रखा जाएगा।
समारोह के अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

0 Comments