
महराजगंज: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी महराजगंज एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने संयुक्त रूप से सोनौली बॉर्डर का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। अधिकारियों के अचानक बॉर्डर पहुंचते ही सीमा सुरक्षा से जुड़े महकमों में भी सक्रियता बढ़ गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था तथा संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी का जायजा लिया। सीमा पर तैनात पुलिस बल एवं एसएसबी के जवानों को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा पार से आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम और एसपी ने सुरक्षा कर्मियों को निर्देशित किया कि सीमा पर आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया।
अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा में लगी विभिन्न केंद्रीय एवं स्थानीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सोनौली में निर्माणाधीन एकीकृत जांच चौकी (Integrated Check Post-ICP) का भी जायजा लिया। निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति को देखा गया और परियोजना से जुड़े बिंदुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले सोनौली बॉर्डर पर डीएम और एसपी के इस औचक निरीक्षण से सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा जांच एजेंसियां से पूरी तरह सतर्क हो गई है।

0 Comments