
गोरखपुर में मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग के लिए मंडलायुक्त सभागार में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जिले और मंडल की स्थिति की जानकारी लेते हुए बारिश के मौसम को देखते हुए जलभराव एवं बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।

आगामी त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, स्थानीय स्तर पर शांति समितियों एवं संबंधित लोगों के साथ समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अराजक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के साथ आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की। बारिश और त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर उसका शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहने और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर निगम से जुड़े कार्यों की समीक्षा के दौरान साफ-सफाई, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को शहर में जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा बारिश के दौरान नगर निकायों की टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। बारिश एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सड़कों, पुल-पुलियों, जल निकासी तथा सिंचाई से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों पर नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
पशुधन विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जानकारी ली। संभावित बाढ़ और जलभराव की स्थिति में पशुओं की सुरक्षा, चारे तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन और पशुपालन विभाग को आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त रूप से कार्रवाई करने को कहा गया।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आगामी त्योहारों को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस प्रबंध, प्रभावी गश्त और निगरानी सुनिश्चित करने तथा किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान मंडलायुक्त सभागार में एडीजी जोन राम कुमार, मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, नगर आयुक्त अजय जैन, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, सीएमओ डॉ. राजेश झा, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, अपर आयुक्त प्रशासन जय प्रकाश, एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए जनसुरक्षा, कानून व्यवस्था, जलभराव-बाढ़ से बचाव, विद्युत आपूर्ति और नागरिक सुविधाओं को लेकर पूरी तत्परता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

0 Comments