
गोरखपुर : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ओम फिटनेस योग संस्थान सेवा साथी फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा गोरखपुर में राष्ट्रभक्ति एवं जनजागरूकता से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान तिरंगा जागरूकता रैली, ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया। रैली के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। लोगों ने राष्ट्रध्वज का सम्मान करने और हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इसके उपरांत नौका विहार पर विधिवत ध्वजारोहण किया गया तथा उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की विविधता में एकता, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रप्रेम की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर योगाचार्य धर्मेंद्र प्रजापति ‘योगी धर्मेश्वर’ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद करने का अवसर है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सेवा केवल सीमा पर ही नहीं, बल्कि समाजसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और संस्कारों के माध्यम से भी की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए स्वस्थ, संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लें। तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है, इसलिए प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रध्वज का सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए संकल्प लिया तथा स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम का आयोजन महंत दिग्विजय नाथ पार्क, नौकायन केंद्र, नगर निगम लक्ष्मीबाई पार्क, अंध विद्यालय, विंध्यवासिनी पार्क अंबेडकर पार्क में किया गया। इस अवसर पर जिला महिला निरीक्षक प्रभारी श्वेता साहनी, शोभा पांडे, तरुणा चेतनानी, लुसी मौर्या, रंजना गौड़, शिला पाल, प्रेम चौरसिया, सोनी वर्मा, संजय गौड़, शिला गुप्ता, ममता, मीना, सरिता, मुकेश साहनी, संतोष, विनोद शुक्ला, सोहन लाल, गोपाल वर्मा, मंजू कुशबाहा, परशुराम निषाद, रेखा, सपना, नीतू इत्यादि सैकड़ो से अधिक साधक सम्मिलित रहे।

0 Comments